Will decide on five out of 28 seats for Tamil Nadu elections in talks with DMK: TNCC chief
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थगई ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 23 निर्वाचन क्षेत्रों को चिह्नित कर लिया है, लेकिन पांच लंबित सीट पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ जारी बातचीत के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने समन्वय बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘राज्य की 28 में से 23 सीट चिह्नित कर ली गई हैं। हम लंबित पांच सीट पर अंतिम निर्णय लेने के लिए फिर बैठकर बात करेंगे।’’
उन्होंने इस ओर ध्यान आकर्षित किया कि सभी सीट पर अंतिम निर्णय लेने में देरी लंबी चर्चा के कारण हुई है।
टीएनसीसी प्रमुख ने शेष सीट पर गतिरोध के बारे में बताते हुए कहा, ‘‘बातचीत सौहार्दपूर्ण ढंग से हुई और अच्छी प्रगति भी हुई है। हालांकि, सहयोगी दलों के अनुरोधों और कुछ गठबंधन सहयोगियों द्वारा उम्मीदवार उतारे जाने के कारण, वे हमें हमारी मांगी गई दो सीट नहीं दे पाए। उनके जो भी कारण थे हमने इसे स्वीकार कर लिया है।’’
विवाद का एक अहम मुद्दा कन्याकुमारी क्षेत्र और कांग्रेस के पास मौजूद कुछ सीट हैं।
सेल्वापेरुन्थगई ने कहा, ‘‘हम खास तौर पर कन्याकुमारी की तीन सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वे इनमें से एक सीट मांग रहे हैं, लेकिन हमारे एआईसीसी नेतृत्व ने पहले ही इस बारे में बता दिया था। इसे छोड़ना मुश्किल है।’’
उन्होंने बताया कि पार्टी इरोड ईस्ट निर्वाचन क्षेत्र को बरकरार रखने के लिए उत्सुक है।
उन्होंने स्थानीय मुद्दों के बारे में कहा, ‘‘एक सीट के लिए हमारे उम्मीदवार को लेकर समस्या है। श्रीवैकुंठम सीट के समाधान के लिए हम मुख्यमंत्री से बात करेंगे।’’