गेट्स फाउंडेशन ने चेताया, एआई बढ़ा सकता है असमानता; पहुंच बढ़ाने के लिए एक अरब डॉलर देने का ऐलान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
Gates Foundation warns AI could exacerbate inequality; announces $1 billion to expand access
Gates Foundation warns AI could exacerbate inequality; announces $1 billion to expand access

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने प्रौद्योगिकी कंपनियों और विश्व नेताओं से यह सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सामाजिक असमानताओं को कम करने का माध्यम बने, न कि उन्हें और गहरा करे।
 
गेट्स फाउंडेशन ने एआई तक पहुंच बढ़ाने के लिए एक अरब डॉलर देने की घोषणा की है। गेट्स ने यह अपील गेट्स फाउंडेशन की वार्षिक ‘गोलकीपर्स’ रिपोर्ट में की। यह रिपोर्ट 2030 तक जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा तय विकास लक्ष्यों की प्रगति पर नजर रखती है।
 
मंगलवार को घोषित यह राशि अगले दो वर्षों में एआई से जुड़े विभिन्न प्रयासों पर खर्च की जाएगी। इनमें स्थानीय भाषाओं में मॉडल तैयार करने के लिए उन्हें बेहतर आंकड़ों से प्रशिक्षित करना, स्वास्थ्य सेवाओं के परिणामों में सुधार, शिक्षा संबंधी उपकरणों को उन्नत करना और दुनियाभर के छोटे किसानों को बेहतर जानकारी उपलब्ध कराना शामिल है।
 
अमेरिका द्वारा विदेशी सहायता में कटौती के बावजूद गेट्स फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क सुजमैन ने कहा कि वह विदेशी सहायता के क्षेत्र में अमेरिका की अगुवाई के लिए कांग्रेस और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर दबाव बनाना जारी रखेंगे।
 
सुजमैन ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, ‘‘हमने अमेरिका से उम्मीद नहीं छोड़ी है। हम स्वीकार करते हैं कि इस मुद्दे पर अमेरिकी सरकार के साथ यह चुनौतीपूर्ण दौर रहा है। लेकिन अभी भी इसके पक्ष में तर्क दिया जा सकता है।’’
 
लंबे समय से तैयार की जा रही यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब प्रमुख एआई कंपनियों के अधिकारी उद्योग जगत से तेजी से हो रहे एआई विकास को धीमा करने का आग्रह कर रहे हैं।