नीट-यूजी परीक्षार्थियों के लिए बिहार में मुफ्त बस यात्रा की घोषणा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-05-2026
Free bus travel announced for NEET-UG candidates in Bihar
Free bus travel announced for NEET-UG candidates in Bihar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
बिहार सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की 21 जून को दोबारा आयोजित परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों के लिए राज्य संचालित बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मुहैया कराए जाने की शनिवार को घोषणा की।
 
राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नीट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क रहेगा।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही, जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठ-मंदिरों एवं गैर-सरकारी संगठनों से आग्रह है कि बस अड्डों, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था में सहयोग करें। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!’’
 
मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि मुफ्त बस यात्रा की सुविधा केवल परीक्षा के दिन उपलब्ध होगी या परीक्षा की तारीख तक की अवधि के लिए होगी।
 
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच हाल में रद्द कर दिया था। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रहा है और दोबारा परीक्षा 21 जून को होनी है।