पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह बिहार में जन सुराज पार्टी में शामिल हुए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-05-2025
Former Union Minister RCP Singh joins Jan Suraj Party in Bihar
Former Union Minister RCP Singh joins Jan Suraj Party in Bihar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
पूर्व केंद्रीय मंत्री आर सी पी सिंह बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए.
 
सिंह ने अपनी पार्टी 'आप सबकी आवाज' का जन सुराज में विलय करने की भी घोषणा की। पूर्व नौकरशाह सिंह ने नवंबर 2024 में अपनी खुद की पार्टी बनाई थी. वह जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। सिंह ने यहां एक समारोह में कहा, "हम दोनों मिलकर बिहार को एक विकसित राज्य बनाने के लिए काम करेंगे.
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहनगर नालंदा से संबंध रखने वाले सिंह उत्तर प्रदेश काडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी थे और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर वह पहली बार 1999 में कुमार के संपर्क में आए थे। उस समय जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख कुमार रेल मंत्री थे. साल 2005 में बिहार की सत्ता संभालने के बाद कुमार ने सिंह के प्रशासनिक कौशल से प्रभावित होकर उन्हें अपने प्रमुख सचिव के रूप में बिहार आने के लिए राजी किया.
 
सिंह 2010 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर कुमार की जद (यू) में शामिल हो गए. इसके बाद वह लगातार दो बार राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए. बाद में, उन्हें जद(यू) का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया. हालांकि, 2021 में सिंह का केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होना कुमार को पसंद नहीं आया. सिंह ने जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया और एक साल बाद, उन्हें फिर से राज्यसभा सदस्य नहीं बनाया गया. बाद में, सिंह जद(यू) छोड़कर 2023 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे.