आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और अन्नाद्रमुक के बागी नेता सी. विजयभास्कर ने मंगलवार को पार्टी प्रमुख एडप्पादी के पलानीस्वामी पर यह कहते हुए तीखा हमला किया कि वह ऐसी पार्टी में कैसे बने रह सकते हैं, जहां उनकी भावनाओं का सम्मान नहीं किया जाता।
विजयभास्कर ने पलानीस्वामी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा कि नेतृत्व का मतलब ताकत या घमंड नहीं, बल्कि प्रतिबद्धता के साथ सबको साथ लेकर चलना है।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजयभास्कर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘नेतृत्व न तो अधिकार है और न ही अहंकार... यह तो समर्पण भाव से सबको गले लगाना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कोई नेतृत्व लोगों का दिल कैसे जीत सकता है, जब वह पार्टी के लिए कड़ी मेहनत करने वाले अपने ही कार्यकर्ताओं का दिल नहीं जीत सकता?’’
विजयभास्कर ने कहा, ‘‘क्या ऐसी जगह पर सचमुच कोई सच्ची यात्रा संभव है, जहां भावनाओं की कोई कद्र न हो। बस यूं ही पूछ रहा हूं।’’
विजयभास्कर एक चिकित्सक भी हैं। वह उन बागी नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने 13 मई को विधानसभा में विश्वास मत के दौरान टीवीके सरकार के पक्ष में मतदान दिया था। वह उन नेताओं में भी शामिल हैं, जिन्होंने लगातार चुनावी हार के लिए पलानीस्वामी पर निशाना साधा है।