Financial irregularities case against Kharat: Rupali Chakankar's sister questioned
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अहिल्यानगर पुलिस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर से स्वयंभू आध्यात्मिक नेता अशोक खरात द्वारा उनके बैंक खाते का कथित रूप से इस्तेमाल किए जाने के संबंध में सोमवार को पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा से सोमवार सुबह से अहिल्यानगर के शिरडी पुलिस थाने में पूछताछ की जा रही है। अहिल्यानगर यहां से करीब 250 किलोमीटर दूर है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘खरात ने ऋण देने वाली दो सहकारी संस्थाओं में अलग-अलग नामों से 132 खाते खुलवाए और इनके जरिये कम से कम 62.74 करोड़ रुपये का लेनदेन किया। इनमें से एक खाता प्रतिभा चाकणकर के नाम पर खुलवाया गया था। इसका संचालन खरात करता था। इन सभी खातों में ‘नॉमिनी’ खरात था और उसका मोबाइल नंबर खाते खोलते समय विवरण रूप में उपलब्ध कराया गया था।’’
अधिकारी ने बताया कि खरात, उसकी पत्नी कल्पना खरात और तीन अन्य के खिलाफ भूमि हड़पने के एक मामले की जांच के दौरान इन खातों और उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन का पता चला।