किसानों की आय दोगुनी ही नहीं, आठ गुनी तक बढ़ी है: चौहान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-03-2026
Farmers' income has not only doubled but has increased eightfold: Chauhan
Farmers' income has not only doubled but has increased eightfold: Chauhan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि केंद्र सरकार के अनेक उपायों के कारण देश में किसानों की आय केवल दोगुनी ही नहीं, बल्कि तीन गुनी भी हुई है और कई कृषकों की आमदनी तो आठ गुनी तक बढ़ी है।
 
चौहान ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह बात कही।
 
राय ने पूछा था कि सरकार बताए कि ‘‘किसानों की आय वास्तव में कब दोगुनी होगी और उनके खुदकुशी के मामले कब शून्य पर आएंगे?’’
 
चौहान ने कहा, ‘‘देश में कई किसानों की आय दोगुनी हुई है। मैं जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि केवल दोगुनी नहीं, बल्कि कई किसानों की आमदनी तिगुनी और चौगुनी भी हुई है। और कई की तो आठ गुनी भी हुई है।’’
 
उन्होंने कहा कि यह गलत धारणा बनाई जा रही है कि किसानों की आय दोगुनी करने का मोदी सरकार का वादा पूरा नहीं हुआ।
 
कृषि मंत्री ने हरियाणा के रेवाड़ी के एक किसान का नाम लेते हुए कहा कि वह ऐसे कई किसानों के नाम गिना सकते हैं जिनकी आमदनी दोगुनी से अधिक हुई है।
 
चौहान ने कहा, ‘‘इसके लिए हमने गंभीरता से उपाय किए हैं। हमने कृषि बजट बढ़ाकर 1,30,000 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा किया। हमने उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाई और 2014 के बाद देश में 44 प्रतिशत अलग-अलग खाद्यान्नों का उत्पादन बढ़ा है। किसानों को छह हजार रुपये की किसान सम्मान निधि उनके खातों में दी जाती है। राजग सरकार ने किसानों को 28 लाख करोड़ रुपये संस्थागत रिण भी दिया है।’’