Fadnavis seeks support from all parties to elect Ajit Pawar's wife unopposed in Baramati by-election
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के कारण रिक्त हुई बारामती विधानसभा सीट पर उनकी पत्नी एवं वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को निर्विरोध निर्वाचित किए जाने के लिए सभी दलों से शनिवार को समर्थन मांगा।
मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपराओं का सम्मान करने के लिए सुनेत्रा पवार का समर्थन करने में आम सहमति का आग्रह किया।
फडणवीस ने राकांपा (अविभाजित) विधायक और पूर्व गृह मंत्री आर. आर. पाटिल के निधन के बाद हुए निर्विरोध उपचुनाव का उदाहरण दिया। पूर्व गृह मंत्री की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी सुमन पाटिल 2015 में तासगांव-कवठे महाकाल विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुई थीं।
फडणवीस ने कहा, ‘‘सभी दलों को उदार दृष्टिकोण अपनाना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उपचुनाव निर्विरोध हो।’’
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) करती है तथा गठबंधन में राकांपा और शिवसेना भी घटक दल हैं।
राकांपा सूत्रों ने बताया था कि राज्यसभा की वर्तमान सदस्य सुनेत्रा पवार पुणे जिले के बारामती विधानसभा क्षेत्र में 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए छह अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी।
अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को बारामती हवाई पट्टी के पास विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
वह अपने गृह क्षेत्र बारामती से आठ बार विधायक रहे।
शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) ने घोषणा की है कि वह बारामती में होने वाला उपचुनाव नहीं लड़ेगी, जबकि उसकी सहयोगी कांग्रेस ने कहा है कि वह चुनाव को निर्विरोध नहीं होने देगी।
सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को राज्य की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और 26 फरवरी को सर्वसम्मति से राकांपा की अध्यक्ष के रूप में चुनी गईं।