आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व सैनिकों ने बुधवार को भोपाल में मोटरसाइकिल रैली निकालकर नोएडा की महिला ट्विशा शर्मा को न्याय दिलाने तथा मामले में दूसरा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
उन्होंने मामले की जांच मध्यप्रदेश से बाहर स्थानांतरित करने की भी मांग की।
रैली में शामिल लोगों ने कहा कि वे ट्विशा शर्मा मामले से संबंधित मांगों का ज्ञापन राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को सौंपने का प्रयास करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा के भाई भारतीय सेना में मेजर हैं।
रैली शुरू होने से पहले ‘वर्दी फाउंडेशन’ के संस्थापक मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त) ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम कह रहे हैं कि अभी भी समय है और पूरी तरह निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि यदि यहां निष्पक्ष जांच संभव नहीं है तो जांच कहीं और कराई जानी चाहिए तथा दूसरा पोस्टमार्टम भी कराया जाना चाहिए।
श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘यदि यहां इसी तरह चीजें चलती रहीं तो मामले को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर उचित जांच कराई जानी चाहिए ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।’’
ट्विशा शर्मा (33) 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। पुलिस ने उनके पति अधिवक्ता समर्थ सिंह और सास सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज मृत्यु और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।