ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक मुनाफे में लौटा, पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 80 करोड़ रुपये

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-07-2026
ESAF Small Finance Bank returns to profit, Q1 net profit at Rs 80 crore
ESAF Small Finance Bank returns to profit, Q1 net profit at Rs 80 crore

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 80 करोड़ रुपये रहा। अधिक आय तथा डूबे कर्ज में कमी के साथ बैंक मुनाफे में आया है।
 
केरल स्थित इस बैंक को वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 81 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
 
बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 1,346 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,023 करोड़ रुपये थी।
 
इस दौरान ब्याज आय 32 प्रतिशत बढ़कर 1,098 करोड़ रुपये हो गई जो एक वर्ष पहले 828 करोड़ रुपये थी।
 
बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) बढ़कर 7.9 प्रतिशत हो गया जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में छह प्रतिशत था।
 
बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। 30 जून, 2026 तक सकल अग्रिमों के अनुपात में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) घटकर 5.40 प्रतिशत रह गईं जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के अंत में 7.48 प्रतिशत थीं।