आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एम्बैसी ऑफिस पार्क्स रीट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमित शेट्टी ने कहा है कि कंपनी कार्यस्थल की मांग को लेकर काफी सकारात्मक है। अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करने और कारोबार बढ़ाने के लिए कंपनी अगले तीन से चार साल में एक करोड़ से 1.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र का अधिग्रहण करने की योजना बना रही है।
एम्बैसी रीट के पास बेंगलुरु, मुंबई, पुणे, दिल्ली-एनसीआर और चेन्नई में 5.2 करोड़ वर्ग फुट से अधिक के कार्यस्थल के पोर्टफोलियो का स्वामित्व है।
शेट्टी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद कार्यस्थल की मांग मजबूत बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि विदेशी कंपनियां प्रमुख शहरों में वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) स्थापित करने के लिए प्रीमियम कार्यस्थल को तेजी से किराये पर ले रही हैं। प्रबंधित और लचीले कार्यस्थल की मांग के कारण 'को-वर्किंग' खंड भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी 3,500 करोड़ रुपये की कुल लागत से 62 लाख वर्ग फुट कार्यस्थल का निर्माण कर रही है। इसके अलावा, कंपनी अधिग्रहण के जरिये भी विस्तार करने की योजना बना रही है।a