East Zone won the Duleep Trophy after 13 years, defeating South Zone on the basis of first innings lead.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व क्षेत्र ने फाइनल में पूरी तरह से बनाए दबदबे को खिताबी जीत में तब्दील करते हुए बृहस्पतिवार को यहां दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ ड्रॉ हुए मुकाबले में पहली पारी की बढ़त के आधार पर 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी अपने नाम की।
पूर्व क्षेत्र ने अपनी दूसरी पारी में सात विकेट पर 388 रन बनाए जिससे उसकी कुल बढ़त 760 रन तक पहुंच गई। इसके बाद मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया गया।
मोहम्मद कोनेन कुरैशी ने इस मुकाबले में शतक बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। उन्होंने नाबाद 116 रन बनाए जो उनके केवल दो मैच पुराने प्रथम श्रेणी करियर का पहला शतक है।
कुरैशी ने अनुकूल रॉय (64) के साथ सातवें विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की। उन्होंने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सीवी मिलिंद की गेंद पर दो रन लेकर 179 गेंद में अपना शतक पूरा किया।