the issuance of Inner Line Permit for Adi Kailash Yatra has been stopped.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मानसून को देखते हुए संभावित भूस्खलन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने आदि कैलाश यात्रा के लिए इनर लाइन परमिट जारी करने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
धारचूला के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आशीष जोशी ने बताया, ‘‘मानसून में क्षेत्र में बारिश होने के कारण रास्तों में भूस्खलन की आशंका और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा के लिए अब अगले आदेशों के बाद ही इनर लाइन परमिट जारी किए जाएंगे।’’
उन्होंने बताया कि मानसून अवधि के लिए रोक लगाए जाने से पहले एक जुलाई को आदि कैलाश यात्रा के लिए 103 लोगों को इनर लाइन परमिट जारी किए गए थे।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा शुरू होने के बाद दो महीने में रिकॉर्ड 52,441 श्रद्धालुओं ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। इस साल एक मई को आदि कैलाश यात्रा शुरू हुई थी।
पिथौरागढ़ में आदि कैलाश तीर्थयात्रा, तिब्बत में कैलाश मानसरोवर यात्रा के साथ ही 1981 में शुरू हुई थी, लेकिन इसे व्यापक लोकप्रियता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 अक्टूबर 2023 के दौरे के बाद मिली।