दुबई-मुंबई उड़ान को आपात स्थिति में राजकोट उतारा गया, सभी यात्री सुरक्षित

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-07-2026
Dubai-Mumbai flight makes emergency landing at Rajkot, all passengers safe
Dubai-Mumbai flight makes emergency landing at Rajkot, all passengers safe

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की उड़ान को सोमवार को कार्गो क्षेत्र में धुंआ देखे जाने के बाद गुजरात के राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। हवाई अड्डे के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि विमान में 194 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।
 
हवाई अड्डा प्रबंधन ने एक बयान में कहा गया, ‘‘ दुबई से मुंबई आ रही उड़ान आईजीओ-1452 का रास्ता राजकोट की ओर मोड़ना पड़ा क्योंकि विमान के सामान रखने वाले हिस्से में धुआं देखा गया था। इस विमान में 194 लोगा सवार थे।’’
 
बयान में कहा गया कि संदेश मिलने के बाद अपराह्न 2:45 बजे हवाई अड्डे पर आपात स्थिति घोषित की गई और विमान अपराह्न 3:27 बजे सुरक्षित उतर गया।
 
पुलिस ने बताया कि सभी यात्रियों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तकनीशियनों ने धुएं का कारण पता लगाने के लिए विमान की जांच शुरू कर दी है।
 
हवाई अड्डा पुलिस थाने के निरीक्षक केपी तारेटिया ने बताया कि पायलट ने वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) को संदिग्ध धुएं के बारे में जानकारी दी और गुजरात के राजकोट में आपात स्थिति में उतरने की अनुमति मांगी।
 
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’को बताया, ‘‘पायलट को विमान के अंदर धुएं का शक हुआ और एहतियात के तौर पर उन्होंने राजकोट हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरने की अनुमति मांगी। विमान सुरक्षित उतर गया है।’’
 
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल आए और उन्हें टर्मिनल ले जाया गया है।
 
अधिकारी ने बताया, ‘‘विमानन कंपनी की तकीनीशियनों की टीम हवाई अड्डे पर पहुंच गई है और विमान की जांच कर रही है। विमान में आग नहीं लगी थी।’’