लखनऊ
उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिज़वी ने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रक्षामंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए बधाई दी।
मुलाकात के दौरान सीतापुर समेत उत्तर प्रदेश के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। डॉ. रिज़वी ने रक्षामंत्री को बताया कि उनके अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर 110 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी दी है।उन्होंने इस परियोजना को मंजूरी मिलने पर आभार जताया और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से इसके शिलान्यास समारोह में शामिल होने का अनुरोध किया।
डॉ. अम्मार रिज़वी ने अग्निवीरों को भारतीय सेना में स्थायी नौकरी देने से संबंधित घोषणा और इस दिशा में रक्षा मंत्रालय की ओर से उठाए गए कदमों की भी सराहना की। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को बधाई दी।
बैठक में आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।डॉ. रिज़वी ने कहा कि सीतापुर सहित उत्तर प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाने तथा उनके समाधान के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे।
इस मुलाकात की जानकारी ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के सचिव (प्रचार एवं प्रसार) अबू शहमा अंसारी ने दी।