ओनिका माहेश्वरी/ नई दिल्ली
दिवाली और त्योहारों के मौके पर कंपनियां अक्सर अपने कर्मचारियों को बोनस, मिठाइयां, गिफ्ट कार्ड या फेस्टिव हैम्पर देती हैं। लेकिन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय मूल की एक महिला बिजनेसमैन ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। केरल मूल की उद्यमी और वर्ल्ड स्टार होल्डिंग की मैनेजिंग डायरेक्टर हसीना निशाद ने अपनी महिला कर्मचारियों को ब्रांड-न्यू iPhone Duo गिफ्ट किए। खास बात यह रही कि उन्होंने ऑफिस की महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी को भी इस सरप्राइज में शामिल किया। कर्मचारियों को दिए गए इन महंगे तोहफों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और इसे 38 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
कॉन्फ्रेंस रूम में बुलाया और दिया शानदार सरप्राइज
वायरल वीडियो में हसीना अपनी महिला कर्मचारियों को बिना किसी वजह का खुलासा किए कॉन्फ्रेंस रूम में बुलाती नजर आती हैं। सभी कर्मचारियों के बैठने के बाद उन्हें टेबल के नीचे रखे खूबसूरती से पैक किए गए गिफ्ट बॉक्स दिखाई देते हैं। जब महिलाओं ने बॉक्स खोले तो उनके अंदर नए iPhone Duo देखकर वे हैरान रह गईं।
देखते ही देखते पूरा कमरा खुशी और उत्साह से भर गया। इस सरप्राइज का सबसे भावुक पल तब आया, जब एक महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी हसीना को जूस सर्व कर रही थी। हसीना ने उसे भी एक नया iPhone गिफ्ट किया। महंगा तोहफा देखकर महिला भावुक हो गई और उसने हसीना को गले लगा लिया। उसकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। सोशल मीडिया यूजर्स इस पल को वीडियो का सबसे खूबसूरत हिस्सा बता रहे हैं।
'जब एक महिला आगे बढ़ती है, तो दूसरी को भी हिम्मत मिलती है'
हसीना ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए अपनी महिला कर्मचारियों के लिए एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में उनके सफर का सबसे खूबसूरत हिस्सा इन शानदार महिलाओं के साथ काम करना है। उनकी मेहनत, समर्पण, सकारात्मक ऊर्जा और रोजमर्रा के छोटे-छोटे योगदान उनके लिए बेहद मायने रखते हैं।
उन्होंने लिखा कि यह तोहफा भले ही छोटा हो, लेकिन इसके पीछे छिपा प्यार और सम्मान बहुत बड़ा है। हर महिला अपने साथ सपने, जिम्मेदारियां और चुनौतियां लेकर चलती है। उनकी इच्छा है कि उनकी टीम की हर महिला और अधिक आत्मविश्वासी बने और अपने सपनों को पूरा करे।
हसीना के मुताबिक, नेतृत्व का मतलब सिर्फ एक सफल कंपनी बनाना नहीं है, बल्कि अपने आसपास के लोगों को खुद पर भरोसा करना सिखाना और उन्हें अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, "जब एक महिला आगे बढ़ती है, तो वह दूसरी महिला को भी आगे बढ़ने का साहस देती है।"
केरल के गांव से UAE के बड़े बिजनेस ग्रुप तक का सफर
हसीना निशाद की कहानी सिर्फ एक सफल बिजनेसवुमन की कहानी नहीं, बल्कि एक गृहिणी से कॉर्पोरेट लीडर बनने के प्रेरणादायक सफर की भी मिसाल है। भारतीय मूल की हसीना का जन्म केरल के कन्नूर जिले के एक ग्रामीण इलाके में हुआ था। उन्होंने शादी से पहले अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की थी। वर्ष 2008 में व्यवसायी निशाध हुसैन से शादी के बाद वह UAE चली गईं। चार बच्चों की मां हसीना ने शुरुआत में परिवार और घर की जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया था। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने अपने पति के नए कारोबार में हाथ बंटाना शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने व्यवसाय के संचालन की बड़ी जिम्मेदारियां संभालीं और अपनी मेहनत, नेतृत्व क्षमता तथा व्यावसायिक सूझबूझ के दम पर वर्ल्ड स्टार होल्डिंग की मैनेजिंग डायरेक्टर बन गईं। आज वह एक बड़े कार्यबल का नेतृत्व कर रही हैं और कारोबार के साथ-साथ कर्मचारी कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता देती हैं।
क्या है वर्ल्ड स्टार होल्डिंग का कारोबार?
हसीना निशाद और उनके पति निशाध हुसैन के संयुक्त नेतृत्व में वर्ल्ड स्टार होल्डिंग ने खाड़ी क्षेत्र के औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह समूह कई अलग-अलग व्यावसायिक क्षेत्रों में काम करता है। इसके प्रमुख कारोबार में इंटीग्रेटेड मैनपावर सॉल्यूशंस, वर्ल्ड स्टार मैनपावर सॉल्यूशन, मरमूम मैनपावर सप्लाई, सिविल कॉन्ट्रैक्टिंग, कंस्ट्रक्शन, फैसिलिटी मैनेजमेंट और रियल एस्टेट शामिल हैं।
कंपनी की आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक, समूह एक अरब का टर्नओवर हासिल कर चुका है। इसके अलावा, कंपनी 7,000 से अधिक परियोजनाएं पूरी कर चुकी है और इसके साथ 20,000 से ज्यादा कर्मचारी जुड़े हुए हैं। इस तरह हसीना आज एक बड़े व्यावसायिक साम्राज्य के संचालन में अहम भूमिका निभा रही हैं।
सिर्फ बिजनेस नहीं, महिला सशक्तिकरण पर भी फोकस
हसीना निशाद अपने कारोबार के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी महत्व देती हैं। वह कामकाजी महिलाओं और महिला उद्यमियों की मुखर समर्थक हैं। उनका मानना है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलना जरूरी है।
उन्होंने उभरती महिला उद्यमियों का मार्गदर्शन किया है। इसके अलावा UAE में 25 कामकाजी माताओं की मदद के लिए 25 लाख रुपये की छात्रवृत्ति देने की पहल भी की है। इस पहल का उद्देश्य उन महिलाओं को सहयोग देना है, जो परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने करियर और सपनों को भी आगे बढ़ाना चाहती हैं। कर्मचारियों के प्रति उनका व्यवहार भी इसी सोच को दर्शाता है। ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों से लेकर हाउसकीपिंग स्टाफ तक, हर व्यक्ति को सम्मान और महत्व देना उनकी कार्यस्थल संस्कृति का अहम हिस्सा माना जाता है।
UAE गोल्डन वीजा समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित
हसीना निशाद को उनके व्यावसायिक योगदान और सामाजिक पहलों के लिए कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं। उनकी उपलब्धियों में UAE गोल्डन वीजा भी शामिल है, जो देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में योगदान देने वाले चुनिंदा लोगों को दिया जाता है। उनके अवॉर्ड्स में वुमन एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड (2024 और 2025) तथा शारजाह KMCC की ओर से दिया गया यंग फीमेल एंटरप्रेन्योर अवॉर्ड शामिल है। सामाजिक और धर्मार्थ कार्यों में योगदान के लिए उन्हें कम्पैशनेट आइकन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।
पहले भी कर्मचारियों को iPhone गिफ्ट कर चुके हैं उनके पति
दिलचस्प बात यह है कि कर्मचारियों को महंगे गिफ्ट देने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 24 सितंबर को सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में हसीना के पति और वर्ल्ड स्टार होल्डिंग के मालिक निशाध हुसैन भी अपनी टीम के सदस्यों को iPhone गिफ्ट करते नजर आए थे। उस वीडियो में भी कर्मचारियों को सरप्राइज देकर उनके चेहरे पर खुशी लाने का अंदाज लोगों को खूब पसंद आया था।
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे हैं तारीफ
हसीना के इस कदम की इंटरनेट पर जमकर तारीफ हो रही है। एक यूजर ने लिखा, "जो कंपनी अपने कर्मचारियों का ख्याल रखती है, वही आगे बढ़ती है।" एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "भगवान करे यह कंपनी और ऊंचाइयों तक पहुंचे और इसके कर्मचारी भी तरक्की करें।" वहीं, एक यूजर ने हाउसकीपिंग कर्मचारी के भावुक होने पर लिखा, "आखिरी महिला को देखकर मेरी आंखों में भी आंसू आ गए। भगवान आप सभी को आशीर्वाद दें।"
हसीना निशाद का यह कदम केवल महंगे स्मार्टफोन बांटने तक सीमित नहीं है। यह कर्मचारियों के योगदान को पहचानने, हर स्तर पर काम करने वाले लोगों को सम्मान देने और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का संदेश भी देता है। केरल के एक गांव से UAE के बड़े कारोबारी समूह की कमान संभालने तक का उनका सफर और कर्मचारियों के प्रति उनका यह व्यवहार उन्हें चर्चा में ला रहा है।