Goa Archbishop extends Diwali greetings, stresses on strengthening communal harmony
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गोवा और दमन के आर्चबिशप फिलिप नेरी कार्डिनल फेराओ ने शनिवार को हिंदू समुदाय को दिवाली की शुभकामनाएं दीं तथा राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव, भाईचारा और आपसी सम्मान को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बिशप सिमियाओ फर्नांडीस के साथ संयुक्त रूप से जारी किए गए एक संदेश में, आर्चबिशप ने कहा कि दिवाली लोगों को ‘‘अंधेरे पर प्रकाश की और असत्य पर सत्य की जीत’’ की याद दिलाती है।
वेटिकन के अंतर-धार्मिक संवाद विभाग का जिक्र करते हुए फेराओ ने कहा, ‘‘शांति का मार्ग प्रशस्त करने की जिम्मेदारी हम सबकी है। सच्ची शांति सार्थक संवाद, आपसी सम्मान और रोजमर्रा की मुलाकातों से कायम होती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गोवा सांप्रदायिक सद्भाव की एक मिसाल है। आइए, इस त्योहार का उपयोग हम भाईचारे को मजबूत करने के लिए करें। पूर्वाग्रहों को दूर करने और एक-दूसरे का ख्याल रखने के लिए मिलकर काम करें।’’
फेराओ ने उम्मीद जताई कि रोशनी का यह त्योहार लोगों के दिलों को रोशन करेगा और सभी परिवारों के लिए स्वास्थ्य, स्थायी शांति और खुशियां लेकर आएगा।