राजनाथ ने जटिल सुरक्षा चुनौतियों को लेकर आगाह किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-11-2026
Rajnath warns of complex security challenges
Rajnath warns of complex security challenges

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि सुरक्षा परिदृश्य लगातार जटिल होता जा रहा है और युद्ध अब सिर्फ पारंपरिक सीमापार गोलीबारी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें साइबर हमले, ड्रोन के झुंड हमलों, छद्म युद्ध और दुष्प्रचार अभियान भी शामिल हो गए हैं।

दिवाली की पूर्व संख्या पर पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में वायुसेना के जवानों को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि विरोधी सीधे संघर्ष में उलझने के बजाय कमजोरियों का फायदा उठाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा, “युद्ध अब सिर्फ सीमापार गोलीबारी तक सीमित नहीं रह गया है। इसका दायरा काफी बढ़ गया है, जिसमें अब असममित युद्ध (ऐसा युद्ध, जिसमें युद्धरत पक्षों की सापेक्ष सैन्य शक्ति, रणनीति या युद्धनीति में काफी अंतर होता है), छद्म युद्ध, साइबर हमले, ड्रोन के झुंड हमलों, दुष्प्रचार अभियान और विमर्श प्रबंधन जैसी चीजें भी शामिल हो गई हैं।”
 
राजनाथ ने आगाह किया कि सोशल मीडिया के जरिये फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी का इस्तेमाल स्थानीय लोगों और सैनिकों के मन में संदेह पैदा करने के लिए किया जा रहा है।
 
उन्होंने कहा, “आजकल दुश्मन अक्सर सीधे संघर्ष में उलझने से बचता है और इसके बजाय हमारी कमजोरियों का फायदा उठाने की कोशिश करता है। दुश्मन सोशल मीडिया के जरिये भ्रामक जानकारी फैलाकर स्थानीय लोगों और सैनिकों के मन में संदेह के बीज बोने की भी कोशिश करता है।”