Kashmir: Deputy Chief Minister Choudhary appeals to put an end to speculation of discontent among NC MLAs
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के कुछ विधायकों में कथित असंतोष को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगाने की अपील की और कहा कि पार्टी नेतृत्व ने विधायकों के साथ बातचीत कर इस मुद्दे का समाधान कर लिया है।
चौधरी ने दीपावली की पूर्व संध्या पर बावे वाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी विधायकों के साथ चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि इस विवाद को आगे खींचने का कोई कारण नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से जम्मू-कश्मीर के सामने मौजूद अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
इससे पहले शुक्रवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व ने श्रीनगर में असंतुष्ट विधायकों से मुलाकात की थी।
पार्टी ने मतभेदों की अटकलों को ‘निराधार अफवाह’ बताते हुए खारिज कर दिया था।
यह बैठक कथित तौर पर मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिलने से नाराज पार्टी विधायकों को मनाने के लिए आयोजित की गई थी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “विधायकों के चेहरों के भाव से सब कुछ स्पष्ट हो जाता है। जब मेरे नेता, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर ली, तो बात वहीं खत्म हो गई।”