Don't interfere in our state's affairs: Shivakumar tells Kerala CM Pinarayi Vijayan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को पड़ोसी राज्य के मामलों में हस्तक्षेप न करने की सलाह दी।
विजयन ने शुक्रवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मुस्लिम आवासीय क्षेत्रों को कथित तौर पर ध्वस्त किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इस कार्रवाई को ‘‘चौंकाने वाला और पीड़ादायक’’ बताया।
विजयन ने फेसबुक पोस्ट में फकीर कॉलोनी और वसीम लेआउट को कथित तौर पर बुलडोजर से गिराए जाने का जिक्र किया, जहां मुस्लिम परिवार कई वर्षों से रह रहे थे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह सब एक राजनीतिक बयानबाजी है। तथ्यों को जाने बिना पिनराई (विजयन) को हमारे राज्य के मामलों में दखल नहीं देना चाहिए। ये सब चुनाव के समय की राजनीतिक चालें हैं।’’
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विजयन जैसे वरिष्ठ नेता ने बेंगलुरु में मुद्दों के तथ्यों को जाने बिना इस मामले पर टिप्पणी की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। यह कचरा फेंके जाने की जगह है। यह एक पत्थर की खदान थी। यह बहुत खतरनाक जगह है। यहां स्वास्थ्य संबंधी कई खतरे हैं और उन्होंने (झुग्गीवासियों ने) अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की। यह भूमि हड़पना है। हमारी सरकार और स्थानीय विधायक ने कहा है कि यह बहुत खतरनाक है।’’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार मानवता आधारित दृष्टिकोण अपनाती है और पात्र लोगों को नियमों के अनुसार वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराएगी।