Dismissal of case in US is not a feeling of victory for me, it is a feeling of humility: Gautam Adani
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बुधवार को कहा कि अमेरिका में उनके खिलाफ आपराधिक मामला खारिज होने से उन्हें जीत का अहसास नहीं, बल्कि विनम्रता का अनुभव हुआ है।
अदाणी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने कानून के शासन में उनके विश्वास को और मजबूत किया है तथा कठिन परिस्थितियों में भी अपने मूल्यों और वादों पर कायम रहने का महत्व सिखाया है।
अदाणी ने कर्मचारियों और साझेदारों के साथ संवाद कार्यक्रम ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ के दूसरे संस्करण में 2023 में हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट और उसके बाद अमेरिका के न्याय विभाग की ओर से दर्ज मामले पर विस्तार से बात की। यह कार्यक्रम न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत द्वारा अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी के खिलाफ आपराधिक आरोप खारिज किए जाने के बाद आयोजित हुआ।
समूह की ओर से जारी बयान के अनुसार, अदाणी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने उनके इस विश्वास को और मजबूत किया कि स्थायी विश्वास अपने वादों को निभाने, मूल्यों पर अडिग रहने और कठिन समय में भी सही काम करने से अर्जित होता है।
उन्होंने 2023 में समूह द्वारा 20,000 करोड़ रुपये के अनुवर्ती सार्वजनिक निर्गम (एफपीओ) को पूर्ण अभिदान मिलने के बावजूद वापस लेने के फैसले को याद करते हुए कहा, ‘‘विश्वास किसी भी कानूनी अधिकार से बड़ा होता है।’’