आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर निर्वाचन आयोग के कामकाज को ‘‘हाईजैक’’ करने तथा अपनी ‘‘तानाशाही’’ चलाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
मुख्य विपक्षी दल ने यह मांग उस वक्त की है जब अंग्रेजी दैनिक 'इंडियन एक्सप्रेस' में प्रकाशित खबर में दावा किया गया है कि निर्वाचन आयोग के दो आयुक्तों सुखबीर संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों पर 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कीं। इन आपत्तियों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और प्रक्रियागत बदलावों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वोट चोरी भारतीय लोगों के खिलाफ अपराध और हमारे संविधान पर सीधा हमला है। भाजपा, आरएसएस और निर्वाचन आयोग, जिन्होंने इसे किया है, उन्होंने देशद्रोह का कृत्य किया है। न्याय किया जाएगा।’’
उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें कहा गया है कि ‘‘वोट चोरी’’ में शामिल निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।