दिल्ली : ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत 48 बच्चों सहित 130 लापता लोगों को परिवार से मिलाया गया

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 02-09-2025
Delhi: Under 'Operation Milaap', 130 missing people including 48 children were reunited with their families
Delhi: Under 'Operation Milaap', 130 missing people including 48 children were reunited with their families

 

नयी दिल्ली
 
दिल्ली पुलिस ने अपने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत अगस्त में 48 बच्चों सहित 130 लापता व्यक्तियों को ढूंढ़कर उनके परिवारों से मिलाया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
पुलिस ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लापता और अपहृत बच्चों और वयस्कों का पता लगाना था, जिसमें व्यापक जमीनी कार्रवाई, सीसीटीवी विश्लेषण और खुफिया जानकारी एकत्र करना शामिल था।
 
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड पर पूछताछ की गई, जबकि स्थानीय मुखबिरों, परिवहन कर्मचारियों और विक्रेताओं को भी सुराग प्राप्त करने की प्रक्रिया में शामिल किया गया।
 
अधिकारी ने बताया एक से 31 अगस्त के बीच, पुलिस ने 48 लापता या अपहृत बच्चों और 82 वयस्कों को सफलतापूर्वक बरामद किया। उन्होंने बताया कि सत्यापन के बाद सभी को उनके परिवारों से मिला दिया गया।
 
अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से अब तक पुलिस ने 931 लापता लोगों का पता लगाया है और उन्हें उनके परिवारों से मिलाया, जिनमें 306 बच्चे और 625 वयस्क शामिल हैं।
 
अगस्त में कापसहेड़ा पुलिस थाना ने सबसे अधिक लापता लोगों का पता लगाया। उसने 14 लापता बच्चों - चार लड़के और 10 लड़कियां - और 13 वयस्कों का पता लगाया।
 
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि मानव तस्करी रोधी इकाई ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए 14 बच्चों का पता लगाया, जिनमें अधिकांश लड़कियां थीं।
 
अन्य पुलिस थानों में, सागरपुर थाना ने तीन बच्चों और 15 वयस्कों का पता लगाया जबकि पालम गांव थाना ने दो लापता लड़कियों और 13 वयस्कों का पता लगाया।