नई दिल्ली।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गुरुवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अपग्रेड की गई वेबसाइट का शुभारंभ किया। नई वेबसाइट को आम लोगों और रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी और सेवाओं को अधिक सरल, सुविधाजनक, सुरक्षित और इंटरैक्टिव बनाना है।
नई वेबसाइट को मोबाइल फ्रेंडली बनाया गया है। अब लोग मोबाइल फोन, टैबलेट और अन्य डिजिटल उपकरणों के माध्यम से ट्रैफिक पुलिस से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और जानकारियों का आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे।
नई वेबसाइट की सबसे उपयोगी सुविधाओं में से एक ऑनलाइन चालान की जानकारी है। कोई भी व्यक्ति अपने वाहन का नंबर दर्ज कर यह पता कर सकता है कि उसके वाहन पर कोई ट्रैफिक चालान लंबित है या नहीं।
इसके साथ ही वेबसाइट पर चालान की राशि का भुगतान करने की सुविधा भी दी गई है। वाहन मालिक क्यूआर कोड के माध्यम से चालान का भुगतान कर सकेंगे। इससे लोगों को चालान संबंधी जानकारी हासिल करने और भुगतान के लिए अलग-अलग माध्यमों पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी।
वेबसाइट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ट्रैफिक पुलिस से जुड़े रोजमर्रा के काम लोगों के लिए आसान हो सकें। यदि किसी वाहन को ट्रैफिक पुलिस ने टो कर लिया है तो वाहन मालिक वेबसाइट के माध्यम से संबंधित वाहन की जानकारी हासिल कर सकता है।
इसके अलावा वाहन को जिस टोइंग लोकेशन पर ले जाया गया है, उसकी जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकेगी। इससे वाहन मालिकों को अलग-अलग जगह फोन करने या कई स्तरों पर जानकारी जुटाने की परेशानी कम होगी।
नई वेबसाइट पर लोगों को बेहतर रूट खोजने और सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति जानने की सुविधा भी दी गई है। इससे वाहन चालक अपने सफर की योजना पहले से बेहतर तरीके से बना सकेंगे और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग चुन सकेंगे।
वेबसाइट पर सड़क संकेतों और रोड मार्किंग से संबंधित एक इंटरैक्टिव सुविधा भी जोड़ी गई है। इसके माध्यम से लोग अलग-अलग ट्रैफिक साइन और सड़क पर बने निशानों के अर्थ समझ सकेंगे। इससे वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने में भी मदद मिलेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई वेबसाइट को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें आगे चलकर नई सेवाओं और नागरिक केंद्रित पहलों को जोड़ने की सुविधा रखी गई है।
वेबसाइट में साइबर सुरक्षा के बेहतर उपाय भी शामिल किए गए हैं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जा सके।
नई वेबसाइट के जरिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का प्रयास ट्रैफिक से जुड़ी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और तकनीक आधारित बनाना है। इससे दिल्ली के लाखों वाहन चालकों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ घर बैठे मिल सकेगा।