किम की बेटी उनकी संभावित उत्तराधिकारी : दक्षिण कोरिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-09-2026
Kim's daughter is his potential successor: South Korea
Kim's daughter is his potential successor: South Korea

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा (एनआईएस) यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन का कोई बेटा भी है। हालांकि, एजेंसी का मानना है कि किम की किशोर उम्र की बेटी के उनका उत्तराधिकारी बनने की प्रबल संभावना है।

एनआईएस ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि अगर किम का कोई बेटा है भी तो वह उनका उत्तराधिकारी बनने की स्थिति में नहीं है। किम ने 2011 में अपने पिता किम जोंग इल के निधन के बाद उत्तर कोरिया की सरकार की बागडोर संभाली थी।
 
बयान में एनआईएस ने अपने पहले के अनुमान को दोहराते हुए कहा कि किम के बाद उत्तर कोरिया की सरकार की कमान संभवत: उनकी बेटी के हाथों में होगी, जिसका नाम किम जू-ए बताया जाता है और जो लगभग 13 साल की है।
 
एनआईएस ने कहा कि वह अब भी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या किम की बेटी का कोई बड़ा भाई है, लेकिन मौजूदा हालात में अगर वह है भी, तो भी अपने पिता का उत्तराधिकारी नहीं बन सकता।
 
एजेंसी ने कहा कि किम की एक और संतान भी है, लेकिन वह लड़का है या लड़की, फिलहाल इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
 
बयान में किम जू-ए की मजबूत राजनीतिक स्थिति के बारे में एनआईएस के आकलन का विस्तार से जिक्र नहीं किया गया है। हालांकि, इसमें किम जो-ए की पिछली सार्वजनिक गतिविधियों और उसे दिए जाने वाले सरकारी प्रोटोकॉल के विस्तृत विश्लेषण का हवाला देते हुए उसके किम का उत्तराधिकारी बनने की प्रबल संभावना जताई गई है।