नेहरू की विरासत का ‘कवच’ बनेगा डिजिटल अभिलेखागार : रमेश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-11-2026
Digital archives will become the shield of Nehru's legacy: Ramesh
Digital archives will become the shield of Nehru's legacy: Ramesh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने वाले लोग (डिस्टोरियंस) नेहरू को बदनाम करने और उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश करते रहेंगे, लेकिन उन पर तैयार डिजिटल अभिलेखागार उनकी महान विरासत को संरक्षित करने के लिए ‘कवच’ साबित होगा।
 
देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर रमेश ने कहा कि नेहरू डिजिटल अभिलेखागार ने अपना एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस दौरान इस डिजिटल संग्रह को 10 लाख से अधिक विशिष्ट आगंतुक मिले हैं और इसके पृष्ठों को 40 लाख से अधिक बार देखा गया है।
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि इस अभिलेखागार में ‘सेलेक्टेड वर्क्स ऑफ जवाहरलाल नेहरू’ के 100 खंड उपलब्ध हैं, जिनमें 1903 से 1964 तक की सामग्री शामिल है। ये खंड करीब 77 हजार पृष्ठों में फैले हैं। इनमें 34 हजार से अधिक दस्तावेज और तीन हजार से ज्यादा तस्वीरें हैं।
 
रमेश के मुताबिक, यह संग्रह 20वीं सदी के भारत को समझने के लिए महत्वपूर्ण प्राथमिक स्रोत उपलब्ध कराता है। वेबसाइट 'नेहरू आर्काइव डॉट इन' को स्मार्टफोन के अनुकूल बनाया गया है। यहां सामग्री को आसानी से खोजने, मुफ्त डाउनलोड करने और दूसरी भाषाओं में अनुवाद करने की सुविधा है।
 
उन्होंने कहा कि इस पहल में विशेष रूप से युवा पीढ़ी को ध्यान में रखा गया है। आम लोगों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, इतिहासकारों और पत्रकारों के साथ ही नेहरू के प्रशंसकों तथा आलोचकों ने भी इसमें रुचि दिखाई है।