ब्रिटेन में बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण के मामले में भारतीय छात्र को 30 साल की कैद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-11-2026
Indian student sentenced to 30 years in prison for online sexual exploitation of children in Britain
Indian student sentenced to 30 years in prison for online sexual exploitation of children in Britain

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ब्रिटेन में 27 वर्षीय भारतीय छात्र को उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड में कई बच्चों का ऑनलाइन शोषण करने और उन्हें यौन गतिविधियों में शामिल होने के लिए मजबूर करने के जुर्म में शुक्रवार को 30 साल की जेल की सजा सुनाई गयी।

ब्रिटिश अधिकारियों ने उसे ऐसा व्यक्ति बताया है जो लगातार ऑनलाइन माध्यमों से बच्चों या किशोरों को अपने विश्वास में लेकर उन्हें यौन शोषण के जाल में फंसाता है।
 
बिलाल काजी को ऑनलाइन बाल यौन शोषण के कई अपराधों का दोष स्वीकार करने के बाद चेस्टर क्राउन अदालत में सजा सुनाई गई। अदालत में बताया गया कि काजी ने 10 से 15 साल की उम्र की लड़कियों का विश्वास जीतने के लिए सोशल मीडिया और गेमिंग मंच पर एक किशोर होने का नाटक किया था।
 
ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (सीपीएस) के विशेष अभियोजक मार्टिन मैकरॉब ने कहा, ‘‘बिलाल काजी ने बड़ी संख्या में कम उम्र की लड़कियों को बहलाने-फुसलाने और उनका शोषण करने में पूरी तरह से निर्ममता दिखाई।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘उसने ऑनलाइन उनसे दोस्ती की और उन्हें यौन कृत्य करते हुए तस्वीरें लेने और वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद, जिन लड़कियों ने उसकी आगे की मांगों को मानने से इनकार कर दिया, उसने उनकी अश्लील तस्वीरें दूसरों को भेजने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया।’’
 
मैकरॉब ने कहा, ‘‘उसने पीड़ित लड़कियों को आकर्षित करने और उनका विश्वास जीतने के लिए एक किशोर लड़के का रूप धारण किया और कई लड़कियों को यह विश्वास दिलाया कि वे उसके साथ एक सच्चे रिश्ते में हैं। जब पीड़ितों को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो वे स्वाभाविक रूप से काफी परेशान हुईं और कुछ को गंभीर तथा दीर्घकालिक मानसिक आघात का सामना करना पड़ा।’’
 
चेशायर कॉन्स्टेबुलरी की ऑनलाइन बाल शोषण जांच टीम की डिटेक्टिव कांस्टेबल जॉर्जिया ह्यूजेस ने कहा, ‘‘काजी के झांसे में आयी लड़कियां कम उम्र की और संवेदनशील थीं। उनमें से कई के लिए, उसके साथ हुई बातचीत उनके जीवन का पहला अनुभव था जिसे वे एक रोमांटिक रिश्ता मानती थीं। उस भरोसे का फायदा उठाते हुए काजी ने उन्हें यह विश्वास दिलाने के लिए बहकाया कि उसका व्यवहार सामान्य है।’’