ओखला स्थित एनटीए कार्यालय की सुरक्षा में सेंध लगाने की खबरों का दिल्ली पुलिस ने किया खंडन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-07-2026
Delhi Police denies reports of security breach at NTA office in Okhla
Delhi Police denies reports of security breach at NTA office in Okhla

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन खबरों को सोमवार को "झूठा और निराधार" करार दिया, जिनमें दावा किया गया था कि प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर यहां ओखला स्थित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के कार्यालय में प्रवेश कर लिया।

पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी करके कहा कि एनटीए कार्यालय में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण रही तथा सुरक्षा में किसी तरह की सेंध नहीं लगी।
 
पुलिस के अनुसार, परीक्षा परिणामों में कथित विसंगतियों को लेकर चिंता जताने वाले कुछ अभ्यर्थी अपने माता-पिता के साथ एनटीए कार्यालय पहुंचे थे।
 
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "उनमें से पांच से सात अभ्यर्थियों को उनके माता-पिता के साथ अपनी शिकायतों पर चर्चा करने के लिए एनटीए अधिकारियों से मिलने की अनुमति दी गई थी।"
 
पुलिस ने कहा कि कार्यालय में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में थी।
 
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट या भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और इस घटना से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
 
यह स्पष्टीकरण सोशल मीडिया पर उन दावों के बाद जारी किया गया, जिनमें कहा गया था कि प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी जबरन एनटीए भवन में घुस गए थे।
 
इस बीच, प्रश्नपत्र लीक के मामलों के विरोध से शुरू हुआ आंदोलन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आमरण अनशन के बाद तेज हुए विरोध-प्रदर्शनों के तहत सोमवार को हजारों युवा मध्य दिल्ली में एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
 
प्रदर्शन तेज होने के साथ ही मध्य दिल्ली के बड़े हिस्सों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।