दिल्ली के उपराज्यपाल ने की ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-08-2026
Delhi Lieutenant Governor reviews preparations for BRICS summit
Delhi Lieutenant Governor reviews preparations for BRICS summit

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित एजेंसियों को प्रमुख स्थानों एवं आवागमन मार्गों पर सुचारू यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, बेहतर नागरिक सुविधाएं और आपात चिकित्सा सेवाओं की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संधू ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सितंबर में शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए दिल्ली पूरी तरह तैयार है और उन्हें व्यवस्थित, सुरक्षित तथा गर्मजोशी भरा माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
 
उपराज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को प्रमुख आयोजन स्थलों और प्रतिनिधियों के आवागमन वाले मार्गों पर यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं के रखरखाव और आपात चिकित्सा तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए।
 
उन्होंने सभी मोर्चों पर विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली को चुना जाना महत्वपूर्ण है।
 
संधू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ हमारी पुरातन परंपरा ‘अतिथि देवो भव:’ से प्रेरित होकर दिल्ली सभी प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और उन्हें व्यवस्थित, सुरक्षित एवं गर्मजोशी भरा अनुभव प्रदान करेगी।’’
 
ब्रिक्स दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसकी स्थापना वर्ष 2006 में ब्राजील, रूस, भारत और चीन (ब्रिक) के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से हुई थी। बाद में वर्ष 2011 में दक्षिण अफ्रीका के शामिल होने के बाद समूह का नाम ब्रिक्स हो गया।
 
जनवरी 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ब्रिक्स के पूर्ण सदस्य बने। इसके बाद जनवरी 2025 में इंडोनेशिया भी इसका सदस्य बना।