सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अमित शाह बृहस्पतिवार से बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-08-2026
Amit Shah is on a three-day visit to Bengal from Thursday to attend border security-related programmes.
Amit Shah is on a three-day visit to Bengal from Thursday to attend border security-related programmes.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार शाम पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंचेंगे। शाह सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कर्मियों से बातचीत करेंगे और समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शाह चेन्नई से रात करीब आठ बजे बागडोगरा हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां से वह सुकना जाएंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे। शाह का पश्चिम बंगाल का यह दौरा तीन दिन का है।
 
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गृह मंत्री सिलीगुड़ी में एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय का दौरा करेंगे जहां वह सीमा सुरक्षा से जुड़ी कई परियोजनाओं की आधारशिला रखने के कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा एसएसबी जवानों से बातचीत करेंगे।
 
वह जवानों के साथ ‘‘बड़ा खाना’’ (सामूहिक भोज) में भी शामिल होंगे।
 
इसके बाद शाह सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में ‘भारतीय न्याय संहिता’ प्रदर्शनी से जुड़े एक कार्यक्रम और बैठक में शामिल होंगे।
 
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के बाद शाह सुकना लौटेंगे और दो समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे जिनमें से एक सीमा सुरक्षा से जुड़ी होगी।