आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने हेतु दिल्ली सरकार के कर्मचारियों के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू करेगा, जो उन्हें उनके आवास से निकटतम मेट्रो स्टेशन और वहां से दिल्ली सचिवालय तक पहुंचाएंगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम पश्चिम एशिया में अनिश्चितताओं के कारण ईंधन संबंधी चिंताओं के बीच दिल्ली सरकार द्वारा सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के तहत उठाया गया है।
एक सरकारी आदेश में कहा गया, ‘‘डीटीसी की विशेष बस सेवाएं कार्यालय समय के अनुरूप दिल्ली प्रशासन के फ्लैट्स से निकटतम मेट्रो स्टेशनों तथा दिल्ली सचिवालय तक संपर्क सुविधा प्रदान करेंगी।’’
डीटीसी की ये बसें सुबह और शाम दोनों पालियों में चलेंगी। सुबह कार्यालय समय के यातायात दबाव को देखते हुए सेवाएं सुबह नौ बजे से शुरू होंगी, जबकि शाम को कार्यालय से घर वापस लौटने के लिए शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक बसें उपलब्ध रहेंगी। इस विशेष सेवा के तहत करीब 54 बसें चलाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस सप्ताह 90-दिवसीय ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ नामक ईंधन बचत अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत दिल्ली सरकार के सभी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल पर बल दिया गया है।
यह बस सेवा शहर की कई आवासीय कॉलोनियों को कवर करेगी, जिनमें सीडब्ल्यूजी विलेज परिसर, वसंत कुंज, ग्रेटर कैलाश, मॉडल टाउन, मयूर विहार, द्वारका, तिमारपुर और अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
आदेश में कहा गया, ‘‘ब्लू लाइन मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करने वाले सरकारी कर्मचारी इंद्रप्रस्थ (आईपी) मेट्रो स्टेशन पर उतरकर परिचालन समय के दौरान दिल्ली सचिवालय तक डीटीसी शटल बस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।’’