आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को शालीमार बाग इलाके की एक अनधिकृत कॉलोनी में ‘वॉटर एटीएम’ और अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि सरकार शहर के हर निवासी को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए दिन रात काम कर रही है।
गुप्ता ने कहा, "यह अपनी तरह का पहला बड़ा ‘वॉटर एटीएम’ है जो हर घंटे 2000 लीटर शुद्ध पानी देने में सक्षम है। आज हमारे पास ऐसी सरकार है जो अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गियों के विकास के लिए कई परियोजनाएं चला रही है।"
उन्होंने कहा कि जल आपूर्ति को और मजबूत बनाने तथा हर घर तक साफ पानी पहुंचाने के लिए सरकार ने 9,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है जो विकसित दिल्ली के निर्माण की मजबूत नींव है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार अनधिकृत बस्तियों में स्थित सभी झुग्गियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “वह दिन जरूर आएगा जब दिल्ली के हर झुग्गीवासी के पास पक्का मकान होगा। मैं इसके लिए निरंतर प्रयास करती रहूंगी। दिल्ली में लगभग 700 झुग्गी बस्तियां हैं जिनमें लाखों लोग रहते हैं।”