नई आबकारी नीति के बाद होगा फैसला: केरल सरकार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-07-2026
Decision will be taken after the new excise policy: Kerala government
Decision will be taken after the new excise policy: Kerala government

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरल के आबकारी मंत्री एम. लिजू ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों की बिक्री की अनुमति देने के बारे में फैसला सरकार द्वारा अपनी आबकारी नीति की घोषणा के बाद ही किया जाएगा।

यहां प्रेस वार्ता में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए लिजू ने कहा कि मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन पहले ही साफ कर चुके हैं कि कर ढांचे की घोषणा का मतलब यह नहीं है कि राज्य में कम अल्कोहल वाली शराब बेची जाएगी।
 
मंत्री ने कहा कि बजट में बताई गई कर कटौती, सरकार के राजस्व के विभिन्न संभावित स्रोतों के अनुमानों का हिस्सा थी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार की आबकारी नीति आने के बाद ही कोई अधिसूचना जारी की जा सकती है।’’
 
लिजू ने कहा, ‘‘अगर नीति कम अल्कोहल वाली शराब की बिक्री की इजाजत देती है, तो उसके लिए कर ढांचा पहले से ही तय है। अगर बिक्री की इजाजत नहीं है, तो बात वहीं खत्म हो जाती है।’’
 
मुख्यमंत्री सतीशन ने बुधवार को विधानसभा में कहा था कि राज्य में कम अल्कोहल वाले पेय पदार्थों की बिक्री की अनुमति दी जाएगी या नहीं, इस पर यूडीएफ सरकार की आबकारी नीति के तहत व्यापक जन-परामर्श के बाद अलग से निर्णय लिया जाएगा।