आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने सोमवार को बताया कि अब श्री कृष्ण जन्मस्थान पर दान-पात्रों को खोलने और उनमें जमा दान की गिनती के समय दुकानदारों को भी पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल किया जायेगा।
कपिल शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम गिनती की प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए स्वतंत्र पर्यवेक्षक को शामिल करना चाहते हैं और मंदिर के अंदर दुकान चलाने वाले दुकानदारों को शामिल करने से बेहतर कोई इंतजाम नहीं हो सकता।’’
दान की गिनती मंदिर के ‘रेड जोन’ में होती है, जो एक उच्च सुरक्षा वाला क्षेत्र है। उन्होंने कहा, ‘‘मंदिर परिसर के अंदर लगभग 30 दुकानें हैं और सभी दुकानदारों का पुलिस द्वारा सत्यापन किया गया है। इससे निगरानी करना अधिक सुविधाजनक होगा, क्योंकि हमें ‘रेड जोन’ में उनके प्रवेश को सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त उपाय नहीं करने पड़ेंगे।’’
उन्होंने कहा कि अगर बाहर के लोगों को शामिल किया जाता, तो नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए बहुत सारे कागजी काम करने पड़ते। उन्होंने बताया कि इस नयी व्यवस्था के तहत, महीने में एक बार गिनती की प्रक्रिया के दौरान एक या दो दुकानदार मौजूद रहेंगे।