कांग्रेस के मुख्यमंत्री के चयन में गठबंधन की कोई भूमिका नहीं: वरिष्ठ नेता हासन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-05-2026
Coalition has no role in Congress's choice of Chief Minister: Senior leader Haasan
Coalition has no role in Congress's choice of Chief Minister: Senior leader Haasan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की चुनावी जीत के बाद मुख्यमंत्री के चयन को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम एम हासन ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस विधायक दल के नेता के चयन में गठबंधन की कोई भूमिका नहीं है।
 
सहयोगी दलों के रुख से निर्णय प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंकाओं को खारिज करते हुए हासन ने कहा कि विधायक दल के नेता और मुख्यमंत्री का चयन कांग्रेस स्वयं करेगी।
 
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष ने पार्टी आलाकमान द्वारा आयोजित बैठकों में भाग लेने से पहले नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस स्वयं अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के विधायक दल के नेता का चुनाव नहीं करते हैं।"
 
कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के प्रमुख घटक इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) द्वारा मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन को दिए गए समर्थन से संबंधित सवालों के जवाब में उन्होंने ये टिप्पणी की।
 
केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा के लिए दिल्ली आमंत्रित वरिष्ठ नेताओं में से एक हासन ने मुख्यमंत्री की घोषणा में देरी को लेकर हो रही आलोचना को भी कम करने का प्रयास किया।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आमतौर पर चुनाव के बाद विधायक दल के नेता और मुख्यमंत्री का फैसला करने में लगभग एक सप्ताह का समय लेती है और इस प्रक्रिया में किसी भी तरह की "असामान्य देरी" नहीं हुई है।