Climate change in Greenland is changing the world, an initiative to preserve old memories
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जलवायु परिवर्तन के कारण ग्रीनलैंड में तेजी से पिघलती बर्फ और बदलते प्राकृतिक परिवेश के बीच लोगों की यादों, अनुभवों और परंपराओं को सहेजने के लिए ‘मैपिंग मेमोरीज’ नामक एक परियोजना शुरू की गई है, ताकि भावी पीढ़ियों के लिए इनका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
तेल, गैस और कोयले के जलने से बढ़ रहे जलवायु परिवर्तन के कारण आर्कटिक क्षेत्र का तापमान दुनिया के बाकी हिस्सों की तुलना में चार गुना तेजी से बढ़ रहा है। इस सप्ताह तुर्किये में संयुक्त राष्ट्र का वार्षिक सम्मेलन शुरू हो रहा है, जिसमें जलवायु परिवर्तन प्रमुख मुद्दा है। जलवायु परिवर्तन से ग्रीनलैंड बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रीनलैंड के पश्चिमी तट पर स्थित इलुलिसैट में गाड़ी चलाते हुए 42 वर्षीय जेन्सन कहा, ‘‘जब हम बच्चे थे और अपने परिवार के साथ या कुछ पक्षियों के शिकार के लिए पहाड़ियों पर जाते थे, तब हमें विशाल हिमखंड दिखाई देते थे लेकिन आज जब हम आसपास के नजारे देखते हैं, तो कुछ हिमखंड तो नजर आते हैं, लेकिन वे पहले जितने ऊंचे और बड़े नहीं हैं।’’
जेन्सन की यादें स्वीडन स्थित शोध संस्थान ‘नॉर्डरेजियो’ की अगुवाई में शुरू की गई ‘मैपिंग मेमोरीज’ परियोजना का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के कारण तेजी से बदलते ग्रीनलैंड के अतीत और लोगों के अनुभवों को सहेजना है। इस परियोजना से जुड़ी एक प्रदर्शनी सितंबर में इलुलिसैट के ‘आइसफियोर्ड सेंटर’ में शुरू हुई।