Chief Justice congratulates newly elected SCBA President Pradeep Rai, other office bearers
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने बुधवार को वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी।
प्रधान न्यायाधीश ने अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका एवं बार के बीच संबंधों में निकटता और तालमेल होना महत्वपूर्ण है।
चुनाव मंगलवार को हुए थे और नतीजे देर रात घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के चुनाव में राय को 822 वोट मिले। वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल कौशिक एससीबीए के उपाध्यक्ष और अधिवक्ता प्रज्ञा बघेल सचिव निर्वाचित हुईं। अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार सिंह कोषाध्यक्ष और अधिवक्ता मनीष दुबे संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए।
दिन की कार्यवाही शुरू होने पर राय ने पीठ के प्रति अपना समर्थन जताते हुए कहा, ‘‘यह बार पूरी तरह से आपके साथ है। हम शत प्रतिशत सहयोग करेंगे और हर तरह से पीठ का समर्थन करेंगे।’’
प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘हम एक छोटा परिवार हैं। हमने हमेशा एक-दूसरे का ख्याल रखा है और आगे भी आपसी तालमेल के साथ यह रिश्ता बनाए रखेंगे।’’
प्रधान न्यायाधीश कांत ने यह उम्मीद भी जताई कि एससीबीए के नवनिर्वाचित पदाधिकारी ‘‘मिसाल कायम करते हुए बार का नेतृत्व करेंगे’’ और युवा वकीलों को इस पेशे में खुद को स्थापित करने में मदद करने के लिए पहल करेंगे।
राय ने कहा, ‘‘आप सभी का मार्गदर्शन बहुमूल्य है। आप हमारे लिए पिता तुल्य हैं, जिनके पास हम हमेशा जा सकते हैं।’’