भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करा ले भाजपा, मेरे पास कोई जांच एजेंसी नहीं : उमर अब्दुल्ला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-08-2026
BJP should investigate corruption allegations, I don't have any investigating agency: Omar Abdullah
BJP should investigate corruption allegations, I don't have any investigating agency: Omar Abdullah

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देते हुए कहा कि वह उनकी सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करा सकती है।

उमर ने कहा कि उनकी सरकार के पास किसी भी जांच एजेंसी का नियंत्रण नहीं है।
 
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर हम एक पल के लिए यह मान भी लें कि उनके आरोप सही हैं, तो भी हमारे पास ऐसी चीजों को छिपाने की ताकत नहीं है। मुझे बताएं कि कौन सी जांच एजेंसी मेरे नियंत्रण में है? एक भी नहीं।’’
 
श्रीनगर शहर के दौरे के बाद उमर ने कहा, ‘‘मेरे पास पुलिस का नियंत्रण नहीं है, मेरे पास अपराध शाखा नहीं है, मेरे पास भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) नहीं है, केंद्रीय एजेंसियों की तो बात ही छोड़ दें।’’
 
मुख्यमंत्री ने यह बयान जम्मू क्षेत्र में भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाजपा द्वारा उनकी सरकार के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन से जुड़े सवाल के जवाब में दिया।