राम मंदिर कर्मियों के कॉल रिकॉर्ड जांचें: अखिलेश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-07-2026
Check call records of Ram temple workers: Akhilesh
Check call records of Ram temple workers: Akhilesh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर परिसर में काम करने वाले सभी लोगों के ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड’ (सीडीआर) की जांच किए जाने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि इनमें से ‘‘99.9 प्रतिशत’’ लोगों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संबंध पाए जाएंगे।
 
यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा पर चुनावी फायदे को धार्मिक मूल्यों से ऊपर रखने का आरोप लगाया और यह भी दावा किया कि अगर यह जांच हो जाए तो भाजपा में ‘‘भगदड़’’ मच जाएगी।
 
सपा प्रमुख ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) द्वारा जांच किए जाने का मुद्दा ‘‘हर घर में’’ चर्चा का विषय बन गया है।
 
यादव ने कहा, ‘‘मंदिर परिसर में काम करने वाले सभी लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए। जैसे ही सीडीआर की जांच होगी, उनमें से 99.9 प्रतिशत लोग भाजपा के ही निकलेंगे। आप कल्पना भी नहीं कर सकते कि तब भाजपा के भीतर कैसी भगदड़ मचेगी। पार्टी छोड़ने का सिलसिला पहले ही शुरू हो चुका है और कई लोग हमसे संपर्क भी करने लगे हैं।’’
 
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर चुनावी सुविधा के लिए अपनी विचारधारा तक बदल डालने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भाजपा मतों के लिए अपने विचार बदल लेती है। उनके लिए धर्म से ज्यादा पैसा जरूरी है। हमने देखा है कि (अयोध्या में) क्या हुआ है। जिन लोगों ने जिम्मेदारी सौंपी थी, वे कहीं नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि जिन्हें जिम्मेदारी दी गई थी, वे सवालों का सामना कर रहे हैं। वे लोग कहां हैं जिन्होंने (राम मंदिर में) जिम्मेदारियां दी थीं?’’
 
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि इस घटना से दुनियाभर में सनातन धर्म के अनुयायी चिंतित हैं।