आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
इस संबंध में गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को उचित कदम उठाने का निर्देश दिया है।
मंडलायुक्त ने कहा है कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश का ‘रेड अलर्ट’ होने के कारण देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारधाम यात्रा शनिवार दोपहर से रविवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में आवश्यक कदम उठाने और मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा पुन: शुरू करने को कहा है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में 26 और 27 सितंबर को बारिश का ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।