कच्छ और देवभूमि द्वारका में करोड़ों रुपये की चरस बरामद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-05-2026
Charas worth crores of rupees recovered in Kutch and Devbhoomi Dwarka
Charas worth crores of rupees recovered in Kutch and Devbhoomi Dwarka

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 

गुजरात के कच्छ और देवभूमि द्वारका जिलों में पिछले कुछ दिनों के दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की चरस के कई पैकेट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
 
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 176वीं बटालियन ने कच्छ के खाड़ी क्षेत्र में गश्त के दौरान नशीले पदार्थ के दस पैकेट बरामद किए।
 
अधिकारियों ने बताया कि जिले की पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा लगने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशीलता को देखते हुए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
 
पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में कच्छ के तटीय क्षेत्रों से 40 से अधिक नशीले पदार्थों के पैकेट बरामद किए जा चुके हैं।
 
चरस भांग के पौधों से हाथों द्वारा निकाले गए राल से तैयार एक मादक पदार्थ है, जो भारत में स्वापक एवं मन:प्रभावी औषधि (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है।
 
इसी क्रम में देवभूमि द्वारका जिले के कल्याणपुर के निकट समुद्री तट से बुधवार को लगभग चार किलोग्राम चरस के पैकेट बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.3 करोड़ रुपये बताई गई है।
 
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कल्याणपुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
 
अधिकारियों को संदेह है कि ये पैकेट तस्करों द्वारा उस समय समुद्र में फेंके गए होंगे जब उनकी नावों को सुरक्षा एजेंसियों ने रोका था।