medical college will be built in Dwarka at a cost of Rs 805.99 crore.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति ने यहां द्वारका में इंदिरा गांधी अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज और छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास बनाने को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 805.99 करोड़ रुपये है।
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हाल में हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई। इस परियोजना को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के तहत मेडिकल कॉलेज के साथ छात्रों एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास, संकाय सदस्यों के लिए आवास और एक आधुनिक अकादमिक ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना दिल्ली में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
गुप्ता ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा जिससे यहां प्रति वर्ष 250 एमबीबीएस सीट की व्यवस्था की जा सकेगी तथा प्रारंभिक चरण में 150 विद्यार्थियों के साथ शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) करेगा, जबकि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग इसकी निगरानी करेगा।
गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की गुणवत्ता और समयसीमा का सख्ती से पालन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में अकादमिक ब्लॉक, विद्यार्थियों के छात्रावास और शिक्षकों के लिए आवास बनाए जाएंगे।