केंद्रीय विश्वविद्यालय की डिग्री में अब ‘भारत’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-06-2026
Central university degrees now have 'India'
Central university degrees now have 'India'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय ने अंक तालिका, डिग्री प्रमाणपत्र और आधिकारिक बातचीत में ‘इंडिया’ शब्द की जगह ‘भारत’ शब्द का इस्तेमाल करने का फैसला किया है।
 
विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक कुमार चक्रवाल ने शनिवार को यह जानकारी दी।
 
चक्रवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थायी समिति ने करीब छह महीने पहले इस बारे में एक प्रस्ताव पारित किया था।
 
उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘धीरे-धीरे अंक तालिका, डिग्री और आधिकारिक बातचीत में ‘इंडिया’ की जगह ‘भारत’ शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा।’’
 
कुलपति ने बताया कि अभी विश्वविद्यालय की अंक तालिका और डिग्री प्रमाणपत्र में अंग्रेज़ी में ‘इंडिया’ और हिंदी में ‘भारत’ लिखा होता है। नए फैसले के तहत, अंग्रेज़ी में लिखे ‘इंडिया’ की जगह भी ‘भारत’ लिखा जाएगा।
 
चक्रवाल ने कहा कि अंक तालिका और डिग्री प्रमाणपत्र का मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद यह बदलाव लागू किया जाएगा।
 
इस कदम के पीछे की वजह बताते हुए कुलपति ने 2023 में भारत की मेज़बानी में हुए जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान ‘भारत’ शब्द के इस्तेमाल का ज़िक्र किया।