सीबीएसई ओएसम विवाद : कांग्रेस ने ‘मंत्री प्रधान के पद से चिपके रहने को शर्मनाक’ बताया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-05-2026
CBSE OSM controversy: Congress calls minister Pradhan's clinging to his post 'shameful'
CBSE OSM controversy: Congress calls minister Pradhan's clinging to his post 'shameful'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली के मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘‘मंत्री प्रधान का अपने पद से चिपके रहना’’ तथा ‘‘प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें संरक्षण देना शर्मनाक है।’’
 
विपक्षी दल ने एक बार फिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग दोहरायी।
 
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मीडिया में आयी एक रिपोर्ट का हवाला दिया और कहा कि इस रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सीबीएसई ने इस साल 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए नयी ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली शुरू करने से पहले क्षेत्रीय कार्यालयों में महत्वाकांक्षी परियोजनाएं चलाने संबंधी अपने ही शासी निकाय के सदस्यों की राय को नजरअंदाज कर दिया था।
 
रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अगर उनकी बात मानी गयी होती, तो लाखों छात्रों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता था।
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने शिक्षा मंत्री प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘दरअसल, शिक्षा मंत्रालय का अहंकार और समझदारी भरी सलाह को अनसुना करना कोई नयी बात नहीं है, बल्कि यह ऊपर से-खुद ‘मंत्री प्रधान’ की कार्यशैली से तय होने वाली नीति है।’’
 
रमेश ने कहा कि मंत्री ने खुद एक आधिकारिक संवाददाता सम्मेलन में शिक्षा पर बनी संसदीय स्थायी समिति की राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को मजबूत करने संबंधी सिफारिशों को यह कहकर खारिज कर दिया था कि ‘‘उसमें विपक्ष के सदस्य भी हैं।’’