Bulldozers being used for Great Nicobar project, ignoring local people's concerns: Congress
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस ने शनिवार को एक खबर का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ग्रेट निकोबार परियोजना के लिए स्थानीय लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज कर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने जिस खबर का हवाला दिया उसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार की ग्रेट निकोबार परियोजना से प्रभावित निकोबारी जनजातीय समुदायों को स्थानांतरित करने की रूपरेखा तैयार करने वाली एक मसौदा योजना स्थानीय लोगों के बीच आशंकाओं को बढ़ा रही है।
रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘स्थानीय समुदायों की चिंताओं की परवाह किए बिना बुलडोजर चलाने का कदम उठाया जा रहा है। लेकिन यहां एक बुनियादी विरोधाभास भी है। मोदी सरकार का दावा है कि ग्रेट निकोबार इन्फ्रा परियोजना जनजातियों को परेशान या विस्थापित नहीं करेगी, फिर पुनर्वास योजना क्यों?’’
उन्होंने कहा कि स्पष्ट है कि सरकार का दावा झूठ है।
ग्रेट निकोबार परियोजना एक रणनीतिक अवसंरचना योजना है, जो अंडमान के दक्षिणी छोर से संबंधित है। 2021 में शुरू की गई इस परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल, एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, आधुनिक टाउनशिप और एक गैस-सौर ऊर्जा संयंत्र का निर्माण शामिल है।