आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने शुक्रवार को कहा कि स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी को मिली करारी हार की जिम्मेदारी वह लेते हैं।
इन चुनावों में आप्रवासन विरोधी रुख वाली ‘रिफॉर्म यूके’ पार्टी को बड़ी जीत मिली है।
स्टार्मर ने बृहस्पतिवार को पूरे ब्रिटेन में हुए स्थानीय परिषदों और स्कॉटलैंड एवं वेल्स की संसदों के चुनावों की मतगणना के दौरान पत्रकारों से कहा कि इस परिणाम से देश की अर्थव्यवस्था के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के उनके संकल्प में कोई कमी नहीं आएगी।
वेस्टमिंस्टर, साउथेम्प्टन, एक्सेटर, रेडिच, वैंड्सवर्थ, हार्टलपूल, टैमवर्थ और टेमसाइड की कई महत्वपूर्ण परिषदों में ‘लेबर पार्टी’ का बहुमत छिन जाने के बाद स्टार्मर पर पार्टी नेता और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने का दबाव बढ़ रहा है।
स्टार्मर ने कहा, “नतीजे खराब हैं, बहुत खराब हैं और इसे छिपाया नहीं जा सकता।”
उन्होंने कहा, “देशभर में ‘लेबर पार्टी’ के प्रतिभाशाली प्रतिनिधियों को हार मिली है। ये वे लोग थे, जिन्होंने अपने समुदायों और हमारी पार्टी के लिए बहुत कुछ किया। इससे दुख होता है और होना भी चाहिए। मैं इसकी (हार की) जिम्मेदारी लेता हूं।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं पीछे नहीं हटूंगा और देश को अराजकता में नहीं धकेलूंगा।”