ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: मध्य दिल्ली में रात साढ़े नौ बजे तक यातायात पर पाबंदियां

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-09-2026
BRICS Summit: Traffic restrictions in Central Delhi until 9:30 PM.
BRICS Summit: Traffic restrictions in Central Delhi until 9:30 PM.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली  

 
राष्ट्रीय राजधानी में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आयोजन के मद्देनजर शनिवार को कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा जिसके कारण मध्य दिल्ली एवं आसपास के इलाकों में मार्गों में बदलाव किया जा सकता है तथा यात्रियों को यातायात संबंधी पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 
दिल्ली पुलिस के अनुसार, ये पाबंदियां रात साढ़े नौ बजे तक लागू रहेंगी। खास तौर पर भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास तथा मध्य दिल्ली को शहर के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात संबंधी प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
 
रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट और सी-हेक्सागन क्षेत्र, सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर दिन के अलग-अलग समय में यातायात नियंत्रित किया जाएगा।