आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देशभर में पार्टी की निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने की विपक्षी दलों की कथित कोशिशों के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने के लिए सोमवार को यहां मार्च निकाला।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में यह मार्च रांची के मोरहाबादी मैदान से शुरू हुआ और करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचकर समाप्त हुआ। इस पदयात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, रांची के विधायक सीपी सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
यह मार्च भाजपा के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत निकाला गया।
साहू ने कहा, “कांग्रेस अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह कर रही है। विपक्षी दल भाजपा पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रहे हैं। अगर यह आरोप सही होता तो झारखंड में भाजपा की सरकार बनती। लोग विपक्ष के इस झूठे प्रचार को समझते हैं।”