भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन जम्मू-कश्मीर दौरा बीच में ही छोड़कर दिल्ली लौटे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-07-2026
BJP President Nitin Naveen left Jammu and Kashmir tour midway and returned to Delhi
BJP President Nitin Naveen left Jammu and Kashmir tour midway and returned to Delhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को जम्मू और कश्मीर की अपनी दो दिवसीय यात्रा बीच में ही छोड़कर आधिकारिक प्रतिबद्धताओं के लिए राष्ट्रीय राजधानी लौट गए। पार्टी ने यह जानकारी दी।

भाजपा ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष यात्रा बीच में ही समाप्त करने की वजह से रियासी जिले में स्थित प्रसिद्ध वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन भी नहीं कर पाए। उन्हें त्रिकुटा की पहाड़ी पर स्थित इस मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाना था।
 
भाजपा अध्यक्ष के तौर पर केंद्र शासित प्रदेश के अपने पहले दौरे पर नवीन सोमवार दोपहर जम्मू पहुंचे थे। यहां अपने प्रवास के दौरान उन्होंने कई बैठकों में हिस्सा लिया, जिसमें आरएसएस मुख्यालय का दौरा भी शामिल था। साथ ही, उन्होंने पार्टी के त्रिकुटा नगर मुख्यालय में भाजपा के मौजूदा और पूर्व विधायकों की डेढ़ घंटे तक चली एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता भी की।
 
भाजपा विधायक और पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रवक्ता आर एस पठानिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नवीन की यात्रा के दूसरे दिन रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम तय था, लेकिन उनके कार्यक्रम में बदलाव के कारण इसे रद्द कर दिया गया।
 
भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष के कार्यक्रम में बदलाव की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई। हालांकि, पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि संगठन से जुड़े अवाश्यक कार्यों के कारण नवीन को तत्काल दिल्ली लौटना पड़ा, जहां उन्हें एक अहम बैठक में शामिल होना है।
 
पठानिया ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा, ‘‘चर्चा इस बात पर केंद्रित थी कि भाजपा जम्मू-कश्मीर में अपनी मौजूदगी को और कैसे मजबूत कर सकती है, क्षेत्र में राष्ट्रवादी विचारधारा को कैसे बढ़ावा दे सकती है, पार्टी में लोगों का भरोसा कैसे बढ़ा सकती है और जम्मू में सुरक्षा व अन्य मौजूदा मुद्दों जैसे अहम मामलों को कैसे हल कर सकती है।’’