भाजपा नेता ‘जय श्री राम’ बोलते हैं पर तेलंगाना के लिए केंद्र से निधि नहीं मांगते: कोंडा सुरेखा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-05-2026
funds from the Centre for Telangana: Konda Surekha
funds from the Centre for Telangana: Konda Surekha

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 तेलंगाना की वन मंत्री कोंडा सुरेखा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी केवल जनसभाएं करती है और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाती है, लेकिन राज्य के लिए केंद्र से निधि दिलाने में कोई भूमिका नहीं निभाती।

मंगलवार को वारंगल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुरेखा ने कहा, ‘‘उन्हें वादों की बात करने का कोई अधिकार नहीं है। ये लोग केवल सभाएं करते हैं और ‘जय श्री राम’ बोलते हैं। क्या ‘जय श्री राम’ कहने से केंद्र से कोई धन मिलता है, कोई योजना मिलती है या कुछ और? कुछ नहीं मिलता। ये लोग मोदी जी को बुलाकर हिंदी में भाषण दिलवा देते हैं।’’
 
उन्होंने तेलंगाना से केंद्र सरकार में मंत्री जी. किशन रेड्डी और बंडी संजय कुमार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों मंत्री भी केंद्र से राज्य के लिए निधि दिलाने की कोशिश नहीं करते और राज्य के साथ ‘‘अन्याय’’ होने पर भी चुप रहते हैं।
 
सुरेखा की इस टिप्पणी पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदुत्व पर हमला करना अब पहले की तरह आसान नहीं रहा और हिंदू समाज ऐसे हमलों का जवाब देना जानता है जिसकी झलक हाल के चुनाव परिणामों में साफ दिखी है।